महाराष्ट्र में आएगी कोरोना की तीसरी लहर! एक दिन में पहली बार 1 हजार के करीब संक्रमितों की मौत
- महाराष्ट्र में कोविड-19 के 63,309 नए मामले, 985 लोगों की मौत
- महाराष्ट्र में फरवरी से कोविड-19 की दूसरी लहर शुरू हो गई
- पहली बार एक दिन में कोरोना की वजह से करीब एक हजार लोगों की जान गई
Coronavirus in Maharashtra : महाराष्ट्र में कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढता जा रहा है. सूबे में पहली बार एक दिन में कोरोना की वजह से करीब एक हजार लोगों की जान गई है. बुधवार को कोरोना संक्रमण के 63,309 नए मामले आए जबकि संक्रमण से 985 और लोगों की मौत हो गयी.
स्वास्थ्य विभाग की मानें तो नए मामलों के साथ सूबे में संक्रमितों की संख्या 44,73,394 और मृतक संख्या 67,214 हो चुकी है. वहीं पिछले 24 घंटे के दौरान कुल 61,181 मरीजों को छुट्टी दे दी गयी. अब तक 37,30,729 कोरोना संक्रमित मरीज ठीक हो चुके हैं.
महाराष्ट्र में 6,73,481 कोरोना संक्रमित इलाजरत हैं. कारोबारी नगरी मुंबई की बात करें तो यहां 4966 नए मामले आए और 78 लोगों की मौत हो गयी. बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने जानकारी दी कि नए मामलों के साथ संक्रमितों की संख्या 6,40,507 हो गयी जबकि मृतकों की संख्या 12,990 हो गयी है. बीएमसी के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान 5300 मरीजों को अस्पतालों से छुट्टी दे दी गयी. शहर में अब तक 5,60,401 कोरोना संक्रमित मरीज ठीक हो चुके हैं.

