ये है रांची के Oxygen Man! ऑक्सीजन संकट के बीच 90 लोगों की ऐसे बचायी जान, फूलती सांस से लोगों को दिला रहे राहत
कोरोना के कहर और झारखंड की फूलती सांस को राहत देने के लिए कई समाजसेवक व संगठन आगे आ रहे है. इन्हीं में से एक है रांची के इंद्रजीत सिंह. जो अपनी टीम के साथ मिलकर लगातार राज्य के जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने में लगे हुए है. उन्होंने इस महामारी के दौरान करीब 90 लोगों की जान बचायी. प्रभात खबर के सुमीत कुमार वर्मा के साथ विशेष बातचीत में इन्होंने बताया अपने काम करने के तरीकों के बारे में…
कौन है इंद्रजीत?
दरअसल, 29 वर्षीय इंद्रजीत सिंह, कांग्रेस छात्र संगठन, झारखंड एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष है. जिनकी 12वीं तक की शिक्षा केंद्रीय विद्यालय हिनू से हुई. फिर इन्होंने एमटेक सीविल इंजिनियरिंग में एडमिशन लिया जहां कॉलेज इलेक्शन में इन्हें एनएसयूआई का अध्यक्ष चुना गया.
कहां से आया समाजसेवा का जज्बा?
इंद्रजीत बताते हैं कि बचपन से ही उन्हें लोगों की सेवा करने का शौक था. किसी की पीड़ा उनसे देखी नहीं जाती थी. ऐसे में कॉलेज इलेक्शन के बहाने उन्हें छात्रों के अहम मुद्दों को उठाने का मौका मिला.
कौन है आपके इंस्पिरेशन?
हालांकि, इंद्रजीत ने कहा कि उनके पिता ही उनके मार्गदर्शक रहे हैं. वे बहुत पहले से कांग्रेस के सक्रिय कार्यकर्ता रह चुके हैं. साथ ही साथ पूर्व सांसद सुबोधकांत सहाय के प्रतिनिधि भी रहे हैं. ऐसे में घर में बचपन से समाजसेवा का माहौल देखने को मिला. उन्होंने कहा कि मेरे पिताजी मेरे इंस्पिरेशन है. जिनकी राह पर मुझे चलना है.

