दिल्ली में और एक सप्ताह के लिए बढ़ेगा लॉकडाउन ? एक दिन में सर्वाधिक 357 संक्रमितों की मौत से सहमी राजधानी
- दिल्ली में एक दिन में सर्वाधिक 357 संक्रमितों की मौत
- राजधानी में अभी और एक सप्ताह के लिए बढ़ सकता है लॉकडाउन
- केजरीवाल सरकार आज कर सकती है ऐलान
Lockdown in Delhi : देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस के बढ़ते कहर को देखते हुए जारी पाबंदियां कुछ दिनों के लिए और बढ़ सकती हैं. इस संबंध में सीनियर अधिकारियों ने कहा कि दिल्ली सरकार कम से कम एक सप्ताह के लिए और लॉकडाउन और बढ़ाने का काम कर सकती है. आपको बता दें कि दिल्ली में छोटी अवधि के लिए लगाए लॉकडाउन के बाद भी राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस संक्रमण के हालात चिंताजनक बने हुए हैं.
यहां चर्चा कर दें कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 19 अप्रैल को छह दिन के लॉकडाउन की घोषणा की थी जो सोमवार सुबह पांच बजे तक जारी रहेगा. इस लॉकडाउन के बाद प्रवासी मजदूरों में खलबली मच गई थी और वे बस स्टैंडों और रेलवे स्टेशन पर अपने घर जाने के लिए पहुंच रहे थे. संक्रमण की कड़ी को तोड़ने और स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए दिल्ली सरकार ने लॉकडाउन लागू किया है.
दिल्ली सरकार के सूत्र ने भी लॉकडाउन को लेकर जानकारी देते हुए कहा कि छोटी अवधि के लॉकडाउन का मकसद मामलों की संख्या को काबू करने के साथ ही स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती देने के लिए समय हासिल करना था. हालांकि, परिस्थितियां खराब से बदतर होती नजर आ रही है. ऐसे हालात में एक और सप्ताह के लिए लॉकडाउन को विस्तार देना एक संभव विकल्प सरकार तलाश सकती है.
दिल्ली में एक दिन में सर्वाधिक 357 संक्रमितों की मौत : इधर दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से एक दिन में सर्वाधिक 357 लोगों की मौत हो गई और संक्रमण के 24,000 से अधिक नए मामले सामने आए हैं. दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग की मानें तो राजधानी में लोगों के संक्रमित पाए जाने की दर 32.27 प्रतिशत है. पिछले 24 घंटे के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में उपचाराधीन मामलों की संख्या एक लाख के करीब पहुंच चुकी है. यहां 22,695 मरीज संक्रमण से ठीक हुए हैं.

