फेफड़ों का फेल होना ही मरीजों में मौत का बन रहा सबसे बड़ा कारण, जानिये क्या कहते हैं डॉक्टर
साकिब, पटना . आइसीयू में भर्ती कोविड के मरीजों में फेफड़े का फेल होना कॉमन शिकायत है. फेफड़े का फेल होना ही उनमें मौत का सबसे बड़ा कारण बन रहा है. ऐसे में डाॅक्टर बताते हैं कि कोविड होने पर अगर कुछ सावधानियां बरती जायें, तो फेफड़े को फेल होने से बचाया जा सकता है. ये सावधानियां आपको अस्पताल के आइसीयू में जाने की नौबत आने से रोक सकती हैं. ऐसे में हमने पटना के विशेषज्ञ डाॅक्टरों से बात की और जानी उनकी सलाह.
बिग अपोलो अस्पताल में छाती रोग विशेषज्ञ डाॅ वैभव शंकर बताते हैं कि कोरोना में सबसे ज्यादा हमारे फेफड़े प्रभावित होते हैं. कोरोना फेफड़े के काम में बाधा पहुंचाता है. वायरस के कारण शरीर के रोग प्रतिरोधक तंत्र का संतुलन बिगड़ जाता है. फेफड़े में निमोनिया हो जाता है. इसके बाद फेफड़ा धीरे-धीरे काम करना बंद कर देता है. जब फेफड़ा सही से काम नहीं करता है, तब ही हमें कई बार वेंटीलेटर के सपोर्ट पर मरीज को रखना पड़ता है.

