दुबई के रास्ते भारत में ड्रग्स स्मगलिंग कर रहा अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद का भाई अनीस इब्राहिम, सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर

नयी दिल्ली : मुंबई सीरियल बम धमाकों का मास्टरमाइंड मोस्ट वांटेड भगोड़ा अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम (Dawood Ibrahim) का छोटा भाई अनीस इब्राहिम (Anees Ibrahim) भारतीय सुरक्षा एजेंसियों की रडार पर है. अनीस इब्राहिम नशीले पदाथों की तस्करी में शामिल है और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई से अपने धंधे को संचालित कर रहा है. सुरक्षा एजेंसियों को सुराग मिली है कि अनीस इब्राहिम भारत में भी ड्रग्स के धंधे चला रहा है.

यूएई के हाई प्रोफाइल ड्रग तस्करों में शामिल अनीस इब्राहिम का करीबी सहयोगी कैलाश राजपूत पहले से ही मुंबई पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की वांछित सूची में शामिल है. एनसीबी के उच्चपदस्थ सूत्रों ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को इस बात की जानकारी दी. सूत्रों ने कहा कि अनीस इब्राहिम के दक्षिण मुंबई में संचालित एक ड्रग सिंडिकेट से जुड़े होने के सबूत मिले हैं.

अनीस इब्राहिम का नाम उस समय सामने आया जब एनसीबी ने इस साल की शुरुआत में महाराष्ट्र के रायगढ़ से उसके सहयोगी आरिफ भुजवाला को गिरफ्तार किया था. जांच में शामिल एक अधिकारी ने बताया कि आरिफ भुजवाला से पूछताछ के दौरान यह भी पता चला है कि वह अनीस इब्राहिम के एक कथित फाइनेंसर कैलाश राजपूत के संपर्क में था. राजपूत यूरोप में डी-कंपनी के ड्रग ऑपरेशन का काम भी देखता है. हमारी एजेंसिया कैलाश राजपूत के ठिकानों का पता लगा रही है.

 

44 Views