एक दिन में आए 57,074 नये मामले, 222 लोगों की मौत, सरकार ने उठाए ये कदम

Corona Blast in Maharashtra मुंबई : महाराष्ट्र में एक दिन में कोरोनावायरस संक्रमण (Coronavirus) के रिकॉर्ड मामले दर्ज किये गये हैं. एक दिन कोरोना संक्रमण के सर्वाधिक 57,074 नये मामले सामने आए हैं. वहीं एक ही दिन में 222 मरीजों की मौत हो गयी है. अकेले राजधानी मुंबई (Corona Cases in Mumbai) में रविवार को कोविड-19 के एक दिन में सबसे अधिक 11,163 नये मामले सामने आये जिससे महानगर में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 4,52,445 हो गयी. यह जानकारी बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) ने दी.

बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने एक बयान में कहा कि 25 और मरीजों की मौत होने के साथ ही महानगर में मृतक संख्या बढ़कर 11,776 हो गयी. अस्पतालों से कुल 5,263 मरीजों को छुट्टी दी गई, जिससे ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 3,71,628 हो गई. बीएमसी ने कहा कि रविवार को शहर भर में 43,597 जांच की गई जिससे यहां अभी तक की गई जांच की संख्या बढ़कर 42,49,175 हो गई.

बयान में कहा गया है कि मुंबई जिले में कोविड-19 से ठीक होने की दर 82 प्रतिशत है. वहीं मामलों के दोगुना होने की दर 42 दिन है. कोरोना के बढ़ते मामलों पर अंकुश लगाने के लिए महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे सरकार ने वीकेंड लॉकडाउन लगा दिया है. यह सोमवार से प्रभावी होगा और 30 अप्रैल तक लागू रहेगा. इसके साथ ही राज्य में नाइट कर्फ्यू भी लगा दिया गया है. इसकी अवधि रात 8 बजे से सुबह 7 बजे तक होगी.

40 Views