महाराष्ट्र में लगा वीकेंड लॉकडाउन, सीएम उद्धव ने फडणवीस और राज ठाकरे से की बात

  • महाराष्ट्र के कोरोना संक्रमण रोकने ने लिए 30 अप्रैल तक लगा वीकेंड लॉकडाउन.
  • रात 8 बजे से सुबह 7 बजे तक राज्य भर में लागू रहेगा नाइट कर्फ्यू.
  • धार्मिक स्थलों पर कड़े प्रतिबंध, मॉल और थिएटर पूरी तरह बंद.

मुंबई : महाराष्ट्र में लगातार बढ़ रहे कोरोनावायरस संक्रमण को देखते हुए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने वीकेंड लॉकडाउन (Weekend Lockdown) की घोषणा की. साथ ही राज्य में नाइट कर्फ्यू (Night curfew) भी लगाया गया है. नाइट कर्फ्यू की अवधि रात 8 बजे से सुबह 7 बजे तक होगी. यह व्यवस्था 30 अप्रैल तक लागू रहेगी. हालांकि स्थिति की लगातार समीक्षा की जायेगी और वीकेंड लॉकडाउन को सम्पूर्ण लॉकडाउन में भी बदला जा सकता है. मुख्यमंत्री ने आज राज्य के आला अधिकारियों के साथ बैठक भी की.

बैठक में राज्य में कड़े प्रतिबंध लगाने की योजना पर बात हुई. जल्द ही राज्य सरकार दिशा-निर्देश जारी करेगी. वहीं, मुख्यमंत्री ठाकरे ने मनसे चीफ राज ठाकरे और पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बात की. उद्धव ने दोनों से कहा कि कोरोना की भयावह स्थिति से निपटने के लिए राज्य में कड़े प्रतिबंध लगाने होंगे. उन्होंने दोनों नेताओं से सहयोग करने की बात कही. दोनों नेताओं ने सहयोग का भरोसा दिया है.

महाराष्ट्र में रेस्तरां आदि को केवल होम डिलीवरी और पार्सल की अनुमति दी गयी है. आप वहां बैठकर खाना नहीं खा सकते. धार्मिक स्थलों को लेकर भी कड़े नियम बनाये गये हैं. सभी मॉल्स, थियेटर और पार्क को पूरी तरह बंद कर दिया गया है. मुख्यमंत्री ने फिल्म और धारावाहिक निर्माताओं के साथ भी बैठक की और महामारी से निपटने में पूर्ण सहयोग मांगी.

41 Views