कोरोना वैक्सीन लेने के कितने दिनों तक सुरक्षित हैं आप ? जानें रणदीप गुलेरिया ने क्या बताया

  • 8-10 महीने तक रहेगा कोरोना वैक्सीन का असर, रणदीप गुलेरिया ने बताया
  • कोरोना फिर से बढ़ने की वजह, लोगों में बढ़ रही संक्रमण को लेकर लापरवाही

देश भर में कोरोना के खिलाफ टीकाकरण अभियान तेजी से जारी है. लेकिन इस बीच बढ़ते संक्रमण के बाद लोगों के मन में एक सवाल उठ रहा है कि आखिरी टीका लेने के बाद लोग कितने दिनों तक संक्रमण से सुरक्षित है.

इस सवाल का जवाब अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के निदेशक रणदीप गुलेरिया ने दिया. उन्होंने बताया, कोरोना टीका 8 से 10 महीने तक संक्रमण से पूरी सुरक्षा देने में सक्षम हो सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि टीके का कोई बड़ा दुष्प्रभाव सामने नहीं आया है.

गुलेरिया ने आईपीएस (सेंट्रल) एसोसिएशन द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, कोरोना टीका 8 से 10 महीने और शायद इससे भी ज्यादा समय तक संक्रमण से पूरी सुरक्षा दे सकता है. उन्होंने कहा कि मामलों में उछाल का सबसे बड़ा कारण यह है कि लोगों को लगता है कि महामारी खत्म हो गई है और वे कोरोना से बचाव के नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं.

अधिकारी ने कहा, संक्रमण में वृद्धि के कई कारण हैं, लेकिन मुख्य कारण यह है कि लोगों के रवैये में बदलाव आया है और उन्हें लगता है कि कोरोना वायरस खत्म हो गया है. लोगों को अभी भी कुछ और समय के लिए गैर-जरूरी यात्रा को स्थगित करना चाहिए.

42 Views