दिल्ली में फिर संक्रमण का खतरा, रोज सवा लाख लोगों को लगेगा वैक्सीन, ट्रेसिंग-ट्रैकिंग पर जोर, अरविंद केजरीवाल ने की घोषणा
- संक्रमण की दर बढ़ने का कारण लापरवाही
- दिल्ली में हर दिन लगेंगे सवा लाख लोगों को वैक्सीन
- देश में अबतक 1,59,216 लोगों की मौत हुई
दिल्ली में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, इसे देखते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज इमरजेंसी बैठक बुलायी थी. इस बैठक के बाद अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर केंद्र सरकार अगर रियायत दे और वैक्सीन लगवाने की उम्रसीमा में छूट दी जाये तो हम तीन महीने में सभी दिल्लीवासियों को वैक्सीन लगवा देंगे. केजरीवाल ने कहा कि हम हर दिन सवा लाख लोगों को कोरोना का वैक्सीन लगायेंगे.
वैक्सीन लगवाने में डरें नहीं यह सुरक्षित है
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आप सब वैक्सीन लगवायें. मैंने भी वैक्सीन लगाया है और यह पूरी तरह सुरक्षित है. मेरे माता-पिता ने भी लगवाया है. इसलिए बेझिझक लगवायें. गौरतलब है कि देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. देश के 16 राज्यों के 70 जिलों में कोरोना का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है. वहीं पंजाब में रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक के लिए कर्फ्यू लगा दी गयी है.

