IPL 2021 News Update: 9 अप्रैल से शुरू होगा आईपीएल, 30 मई को खेला जायेगा फाइनल! जानें कहां-कहां होंगे मैच
- 9 अप्रैल से शुरू होगा आईपीएल, 30 मई को खेला जायेगा फाइनल.
- गवर्निंग काउंसिल की बैठक में तय होगा वेन्यू और डेट.
- छह शहरों में हो सकता है आयोजन, मुंबई और अहमदाबाद पर सब की नजर.
IPL 2021 News Update मुंबई : इंडियन प्रीमियर लीग 2021 (Indian Premier League) की शुरुआत 9 अप्रैल से होने की संभावना है और इसका फाइनल मुकाबला 30 मई को खेला जा सकता है. गवर्निंग काउंसिल (GC) के अप्रूवल के बाद इन तिथियों पर मुहर लग जायेगी. सूत्रों ने इस बात की जानकारी दी है. सूत्रों के मुताबिक इस बाद का आईपीएल 51 दिनों का होगा. सबसे बड़ी बात है कि इस बार आईपीएल का आयोजन भारत में होने वाला है. कोरोनावायरस महामारी (Coronavirus Pandemic) की वजह से पिछले साल इस टूर्नामेंट का आयोजन संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में हुआ था.
एक सूत्र ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि इस साल आईपीएल का आयोजन भारत के ही छह शहरों में होगा. कोलकाता, अहमदाबाद, चेन्नई, दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु को आईपीएल के आयोजन स्थल के रूप में चुना गया है. पिछले साल आईपीएल के 60 मैच यूएई के तीन शहरों शारजाह, अबुधाबी और दुबई में कराया गया था. वहीं इस साल छह शहरों में आयोजन की संभावना है.
आईपीएल के लिए खिलाड़ियों की नीलामी के बाद से वेन्यू को लेकर चर्चा होने लगी थी. चर्चा में है कि ग्रुप स्टेज के सभी मैच मुंबई में होंगे और नॉकआउट के मैच दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम नरेंद्र मोदी स्टेडियम अहमदाबाद में होंगे. खिलाड़ियों की नीलामी के बाद दिल्ली कैपिटल्स के सह मालिक पार्थ जिंदल ने इस बात के संकेत दिये थे. कि इस बार आईपीएल के लिए दो वेन्यू मुंबई और अहमदाबाद पर विचार किया जा सकता है.

