केरल और महाराष्ट्र में सबसे अधिक सक्रिय मामले, अब तक 21 करोड़ से ज्यादा टेस्ट
देश में एक मार्च से कोरोना टीकाकरण के दूसरे चरण शुरुआत हो चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार मंगलवार दोपहर एक बजे तक 1.48 करोड़ से अधिक कोरोना की खुराक लोगों को दी जा चुकी है। इनमें 67,04,613 स्वास्थ्य कर्मियों को पहली खुराक दी गई है जबकि 25,97,799 स्वास्थ्य कर्मियों को दूसरी खुराक दी गई है। इसी तरह अग्रिम पंक्ति के 53,44,453 कर्मियों को टीके की पहली खुराक दी गई है जबकि गंभीर बीमारी से पीड़ित 45 साल से अधिक उम्र के 24,279 लोगों को टीके की पहली खुराक दी गई है जबकि 60 वर्ष से अधिक आयु के 1,82,992 लोगों को टीका की पहली खुराक लगाई गई है ।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार भारत में कोरोना संक्रमण का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 1.68 लाख है और 84.16 फीसदी इलाजरत मरीज पांच राज्यों से हैं जबकि छह राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की साप्ताहिक संक्रमण दर दो फीसदी के राष्ट्रीय औसत से अधिक है।
इन राज्यों में संक्रमण दर राष्ट्रीय औसत से अधिक
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि कुल इलाजरत मरीजों में से 67.84 फीसदी महाराष्ट्र और केरल से है। मंत्रालय ने बताया कि महाराष्ट्र, केरल, गोवा, चंडीगढ़, पंजाब और गुजरात में साप्ताहिक संक्रमण दर दो फीसदी की राष्ट्रीय औसत से अधिक है। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 10.02 फीसदी संक्रमण दर है।
बीते 24 घंटे में इलाजरत मरीजों की संख्या बढ़ी
बीते 24 घंटे में इलाजरत मरीजों की संख्या 12,286 और बढ़ गई, जिसके बाद भारत में कोरोना वायरस के संक्रमण का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 1,68,358 हो गई है। यह कुल मामलों का 1.51 फीसदी है। मंत्रालय ने बताया कि 80.33 फीसदी नए मामले पांच राज्यों से हैं।

