बैरकपुर में BJP कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज के बाद जेपी नड्डा के परिवर्तन यात्रा को पुलिस ने किया रद्द

कोलकाता : पश्चिम बंगाल का राजनीतिक तापमान चरम पर है. सभी दलों के राष्ट्रीय नेता बंगाल चुनाव में अपनी पार्टी को मजबूत करने के लिए बंगाल का दौरा कर रहे हैं. दूसरी तरफ, पुलिस राजनीतिक दलों के कार्यक्रमों को मंजूरी नहीं दे रही है.
कोलकाता पुलिस ने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के मटियाबुर्ज इलाके में रैली को मंजूरी नहीं दी, तो उत्तर 24 परगना जिला के बैरकपुर की पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की परिवर्तन यात्रा के कार्यक्रम को मिली मंजूरी को रद्द कर दिया है.

बैरकपुर के भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने गुरुवार (25 फरवरी) को ट्वीट करके यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि बैरकपुर की पुलिस ने कांचरापाड़ा से बैरकपुर तक की भाजपा की परिवर्तन यात्रा की अनुमति को रद्द कर दिया है. फलस्वरूप आज की परिवर्तन यात्रा स्थगित की जाती है.
श्री सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पुलिस के इस एक्शन के खिलाफ अदालत जायेगी और यात्रा को फिर से शुरू करने की अनुमति देने का आग्रह करेगी. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के बाकी सारे कार्यक्रम पूर्ववत हैं.

28 Views