भतीजे अभिषेक की पत्नी को CBI ने भेजा समन तो बिफरी सीएम ममता बनर्जी, कहा- मैं किसी से नहीं डरती, मुझे जेल से नहीं डराया जा सकता
बंगाल में चुनाव से पहले युवा तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष अभिषेक बनर्जी की पत्नी को सीबीआई द्वारा कोयला तस्करी मामले में समन भेजे जाने के बाद राज्य की राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. सीएम ममता बनर्जी ने इस पर प्रतिक्रिया दी है. ममता ने कहा है कि मुझे जेल से नहीं डराया जा सकता है. मैं कभी भी बीजेपी के सामने नहीं झुकूंगी.
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को कहा कि वह किसी से नहीं डरतीं और उन्हें जेल से या किसी अन्य चीज से नहीं डराया जा सकता. किसी व्यक्ति या किसी राजनीतिक दल का नाम लिये बिना तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि उन्होंने हारना नहीं सीखा है. उन्होंने कहा, ‘हमें जेल से डराने की कोशिश न करें, हमने बंदूकों के खिलाफ लड़ाई लड़ी है और चूहों के खिलाफ लड़ने से नहीं डरते.’
मुख्यमंत्री ने महानगर में अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के अवसर पर एक कार्यक्रम में कहा, ‘जब तक मैं जीवित हूं, मैं किसी डर या धमकी से नहीं डरने वाली.’ इस कार्यक्रम से पहले सीबीआइ ने मुख्यमंत्री के भतीजे एवं लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी की पत्नी और साली को रविवार को कोयला चोरी के मामले में नोटिस थमा कर जांच में शामिल होने को कहा.

