Maharashtra Corona : पुणे में फिर लगा नाइट कर्फ्यू, स्कूल-कॉलेज भी बंद, गाइडलाइन जारी
- महाराष्ट्र में तेजी से बढ़ रहा कोरोना का संक्रमण
- पुणे में फिर से लगा नाइट कर्फ्यू
- नाइट कर्फ्यू रात 11 बजे से सुबह के 6 बजे तक प्रभावी
पुणे में कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने कुछ पाबंदियां लागू करने का फैसला किया है जिसमें लोगों के गैर-जरूरी गतिविधियों के लिए रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक आवागमन पर प्रतिबंध शामिल है. यह जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी.
पुणे संभाग के आयुक्त सौरभ राव ने संवाददाताओं को बताया कि स्कूल, कॉलेज और निजी कोचिंग कक्षाएं 28 फरवरी तक बंद रहेंगी, जबकि होटल और रेस्तरां को अपने प्रतिष्ठान हर दिन रात 11 बजे तक बंद करने होंगे. उन्होंने कहा कि सूक्ष्म-निषिद्ध क्षेत्रों का निर्माण, कोरोना देखभाल केंद्रों की फिर से स्थापना, संक्रमितों के संपर्क में आये व्यक्तियों का पता लगाने के कदम और जांच में वृद्धि और शादियों और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए मानदंडों का सख्ती से कार्यान्वयन, कुछ ऐसे कदम हैं जो संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए उठाए जाएंगे.
उन्होंने कहा कि रविवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की अध्यक्षता में आयोजित एक बैठक में कुछ प्रतिबंधों को वापस लगाने का निर्णय लिया गया. आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार शनिवार को, पुणे डिवीजन में कोरोना के 998 नये मामले सामने आये थे और नौ और मरीजों की मौत हुई थी.
डिवीजन में कोरोना मामलों की संख्या 5,14,319 और मृतक संख्या 11,698 है. राव ने कहा कि पिछले तीन महीनों से जिले में स्थिति नियंत्रण में थी लेकिन, अब कोरोना के मामलों में वृद्धि को देखते हुए कुछ निर्णय लिए गए हैं. उन्होंने कहा कि सोमवार से रात 11 बजे से सुबह 6 बजे के बीच गैर-जरूरी गतिविधियों के लिए लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा.

