Bengal Chunav 2021 : बंगाल चुनाव से पहले बीजेपी को बड़ा झटका, इन दिग्गज नेताओं ने छोड़ी पार्टी, देखें List

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी को बड़ा झटका लगा है. पार्टी के कई दिग्गज नेताओं ने तृणमूल कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली है. माना जा रहा है कि इन नेताओं के पार्टी छोड़ने से बीजेपी को कई इलाकों में झटका लग सकता है. बता दें कि बंगाल में विधानसभा चुनाव की घोषणा कभी भी हो सकती है.

जानकारी के अनुसार बीजेपी एससी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक रॉय और प्रदेश कार्यकारिणी एससी मोर्चा के सदस्य सुब्रत रॉय ने पार्टी छोड़ दी है. इसके साथ ही नदिया और डायमंड हॉर्बर जिले के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बीजेपी (BJP) छोड़ टीएमसी ज्वाइन कर लिया है.

नदिया जिला के राणाघाट-2 ब्लॉक के मेजरग्राम में शनिवार को भाजपा और माकपा के 250 कार्यकर्ता तृणमूल में शामिल हुए. शामिल होनेवाले नेताओं में भाजपा की मणिकाग्राम ग्राम पंचायत की सदस्य मोनिका रॉय और माकपा नेता सुशांत मंडल शामिल हैं. मेजरग्राम हाई स्कूल से सटे एक क्षेत्र में सत्ताधारी पार्टी द्वारा सभा आयोजित की गयी थी.

मौके पर भाजपा और माकपा कार्यकर्ताओं को नदिया जिला परिषद और राणाघाट-2 ब्लॉक महिला तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष बर्नाली दे ने तृणमूल का झंडा सौंपा. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के विकास कार्यों से प्रेरित होकर और लोगों के लिए काम करने की भावना के साथ भाजपा और माकपा के लगभग 250 कार्यकर्ता तृणमूल में शामिल हुए.

मोनिका रॉय ने कहा कि उन्हें भाजपा में विकास कार्य करने का मौका नहीं मिला. इसीलिए वह ममता बनर्जी की विचारधारा को ध्यान में रखते हुए तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुईं. इधर भाजपा के नदिया जिले के उपाध्यक्ष विपुल उकील ने कहा कि उनकी पार्टी का कोई भी कार्यकर्ता और समर्थक मोनिका रॉय के साथ तृणमूल में शामिल नहीं हुआ.

दूसरी ओर माकपा नेता सुशांत मंडल के तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने के संबंध में मेजरग्राम क्षेत्र में माकपा के शाखा सचिव शंकर मल्लिक ने कहा कि सुशांत 10 साल पहले माकपा के समर्थक थे. उन्होंने पिछले पंचायत और लोकसभा चुनावों में भाजपा का समर्थन किया. इससे उनकी पार्टी को कोई नुकसान नहीं होगा.

32 Views