कैप्टन अमरिंदर सिंह बोले- पंजाब में ‘आप’ CM का चेहरा ढूंढने के लिए बना रही ‘हवाई किले’
चंडीगढ़। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी नेतृत्वहीन है। उन्होंने आप द्वारा 2022 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री का नामी चेहरा होने के दावे को हास्यास्पद बताया। हकीकत यह है कि निकाय चुनाव में प्रचार के लिए दिल्ली से नेताओं को लाना पड़ रहा है। कैप्टन ने कहा, ‘आम आदमी पार्टी मुख्यमंत्री का चेहरा ढूंढने के लिए ‘हवाई किले’ बना रही है। उस पार्टी को पंजाब की आन, बान और शान का क्या पता होगा, जिसने बीते नवंबर में कृषि कानूनों में से एक कानून लागू करके किसानों के हित बेच दिए हों। उन्हें पंजाबियत के बारे कुछ भी पता नहीं है।’
उन्होंने कहा कि केजरीवाल की भारतीय जनता पार्टी के साथ शर्मनाक सांझ है, जिनके इशारे पर उनकी पार्टी लाखों किसानों को मूर्ख बनाने की कोशिश कर रही है। कृषि सुधार कमेटी के मुद्दे पर पार्टी गुमराह कर रही है। आप के मेंबर यह भी नहीं जानते कि जो कमेटी बनाई गई थी वह एक सुधार कमेटी थी, न कि ड्राफ्टिंग कमेटी।
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा है कि दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया कृषि कानूनों पर अपना स्टैंड स्पष्ट करें। पहले ‘आप’ ने कैप्टन सरकार की ओर से कानूनों के खिलाफ पंजाब विधानसभा में पास किए बिलों का समर्थन किया और फिर उसका विरोध शुरू कर दिया। यही नहीं ‘आप’ ने दिल्ली में पहले कृषि कानूनों को लागू करने के लिए नोटिफिकेशन जारी किया था और फिर बाद में दिल्ली विधानसभा में इन्हींं कानूनों की कापियों को फाडऩे का ड्रामा किया।
उन्होंने सिसोदिया से पूछा आपकी पार्टी के नेता दूसरों पर कीचड़ उछाल कर अपने दागों से लोगों का ध्यान हटाते रहेंगे। जब तक पंजाब के किसान पंजाब में संघर्ष कर रहे थे तब केजरीवाल ने किसानों के हक में आवाज क्यों नहीं उठाई। आप भाजपा की बी टीम है, क्योंकि बीते कुछ सालों से किसी न किसी तरीके से यह पार्टी केंद्र की भाजपा सरकार के हक में ही अपनी बात कह रही है।

