TOP 5 हिन्दी समाचार

लालकिला हिंसा मामले में आरोपी दीप सिद्धू गिरफ्तार, स्पेशल सेल ने किया गिरफ्तार

दीप सिद्धू को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। सिद्धू 26 जनवरी को ट्रैक्टर रैली के दौरान लालकिले पर हुई हिंसा मामले के मुख्य आरोपी में से एक है। करीब 15 दिन तक फरार रहने के बाद उसे पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके ऊपर एक लाख रुपये का इनाम रखा था। फिलहाल यह नहीं बताया गया है कि उसे पुलिस ने कहां से गिरफ्तार किया है।

पुलिस की गिरफ्त से दूर रहते हुए सिद्धू लगातार सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर रहा था। दावा किया गया है कि पंजाबी अभिनेता जो वीडियो अपलोड करता है, उसके पीछे उसकी एक बेहद करीबी महिला मित्र है। पुलिस के अनुसार सिद्धू वीडियो बनाता था और उसे उसकी महिला मित्र विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड किया करती थी।

 

corona vaccination : देश में कोरोना वैक्सीन लगवाने में भी महिलाएं अव्वल

कोरोना संक्रमण ज्यादातर पुरुषों में मिल रहा है, लेकिन इस बीमारी से बचाव के लिए महिलाओं में अधिक जागरूकता देखने को मिल रही है। कोरोना टीकाकरण में भी महिलाओं ने ही बाजी मारी है। अब तक देश में 55 लाख से अधिक लोगों को टीका लगाया जा चुका है जिनमें 63 फ़ीसदी सर्वाधिक महिला स्वास्थ्य कर्मचारी या फ्रंटलाइन वर्कर हैं।

पुरुषों की तुलना में करीब दोगुना महिलाओं ने लगवाया टीका
टीकाकरण में महिलाओं की बदौलत भारत दुनिया का तीसरा देश बन गया है जहां 55 लाख से अधिक लोग टीका लगा चुके हैं। साथ ही 21 दिन में 50 लाख लोगों को टीका लगाने का रिकॉर्ड भी हासिल हुआ है। केंद्र सरकार की को-विन प्लेटफार्म से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार तक देश में 5,562,621 लोगों को पहली खुराक मिल चुकी है। इनमें 35,44,458 (63.2 फ़ीसदी) महिलाएं शामिल हैं, जबकि 20,61,706 (36.8 पुरुष) कर्मचारी हैं।

 

झारखंड के कुल 14 लोग उत्तराखंड में फंसे हुए हैं. लोहरदगा के किस्को स्थित बेटहट चोरटांगी गांव के नौ तथा रामगढ़ के पांच लोग उत्तराखंड गये हुए थे. सभी परिवार के संपर्क में नहीं हैं. यह जानकारी परिजनों ने स्थानीय प्रशासन और राज्य कंट्रोल रूम को दी. तपोवन चमोली में हिमस्खलन के बाद किसी भी व्यक्ति का फोन नहीं लग रहा है.
बेटहट चोरटांगी गांव के ग्रामीणों ने अनमोल तिर्की के नेतृत्व में उपायुक्त से मिलकर नाम तथा आधार कार्ड संख्या जमा कर उत्तराखंड प्रशासन से संपर्क कर जानकारी लेने की मांग की है. आपदा प्रबंधन सचिव ने लोहरदगा जिला प्रशासन से मिली मजदूरों की सूची उत्तराखंड सरकार व एनटीपीसी को भेज दी है. इधर सोमवार की शाम तक उत्तराखंड सरकार की ओर से झारखंड सरकार को लापता लोगों की संख्या के बारे में कोई सूचना नहीं दी गयी थी.
37 Views