कोलकाता भाजपा की सरकार बनी, तो बंगाल के किसानों को पीएम किसान निधि का बकाया पैसा भी मिलेगा, हल्दिया में बोले मोदी
हल्दिया : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद कैबिनेट की पहली बैठक में पीएम किसान सम्मान निधि योजना को राज्य में तेजी से लागू करने का फैसला लिया जायेगा. केंद्र सरकार बंगाल के किसानों को वह पुराने पैसे भी देगी, जिससे ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार की वजह से वे अब तक वंचित रहे.
हल्दिया में आयोजित एक सभा में श्री मोदी ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि का अब तक तृणमूल कांग्रेस सरकार ने विरोध किया. जिन 25 लाख से अधिक किसानों ने खुद इसके लाभ के लिए आवेदन किया, उसमें से महज 6000 किसानों के नाम टीएमसी सरकार ने तय किये. लेकिन, वह पैसा भी केंद्र देने में असमर्थ है, क्योंकि राज्य सरकार ने उनके भी बैंक डिटेल्स केंद्र सरकार के पास नहीं भेजे.

श्री मोदी ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा की सरकार बननी तय है और केंद्र की योजनाओं को लागू करने का काम तेजी से किया जायेगा. श्री मोदी ने कहा कि देश जब गुलाम था, तब पश्चिम बंगाल देश का सर्वाधिक विकसित राज्य था. फिर क्या हुआ, जो यह पीछे होता गया? इसका सबसे बड़ा कारण यहां की राजनीति है. पहले कांग्रेस की सरकार ने भ्रष्टाचार किया. फिर लेफ्ट ने भ्रष्टाचार और अत्याचार किया.
उन्होंने कहा कि 2011 में ममता बनर्जी ने परिवर्तन का वादा किया. लोगों को ममता की आस थी, लेकिन उन्हें निर्ममता मिली. वो परिवर्तन नहीं था. लेफ्ट का पुनर्जीवन था और वह भी ब्याज समेत. बंगाल में गरीबी बढ़ी, पुराने उद्योगों को ताला लग गया. उन्होंने कहा कि दीदी से अधिकार की बात करो, तो वह तिलमिला जाती हैं. भारत माता की जय के नारे से नाराज हो जाती हैं. लेकिन, देश के खिलाफ कोई कितना भी जहर उगले, दीदी गुस्सा नहीं होती.
उन्होंने कहा कि भारत को बदनाम करने की अंतरराष्ट्रीय साजिश देखी जा रही है. चाय, योग की विरासत पर भी हमले हो रहे हैं. लेकिन, दीदी की जुबान से कभी कुछ नहीं निकला. लेकिन षड्यंत्रकारियों को देश पूरी ताकत के साथ जवाब देगा.

