Farmers Chakka Jam Jalandhar : किसानों का धरना खत्म, जालंधर बस स्टैंड से बसें हुई रवाना FacebooktwitterwpEmailaffiliates
जालंधर। कृषि सुधार बिलों के खिलाफ किसानों की तरफ से 3 घंटे तक देश भर के हाईवे जाम करने का असर जालंधर के शहीद-ए-आजम इंटर स्टेट बस टर्मिनल पर भी बुरी तरह से पड़ा। राज्य के भीतर समेत अंतरराज्यीय सेवा ठप हो गई। अन्य राज्यों एवं शहरों से आ रही बसों को भी बस स्टैंड पर ही रोक देना पड़ा और यात्रियों को लगभग चार घंटे तक बुरी तरह से परेशान होना पड़ा।
किसानों की तरफ से दोपहर 12 बजे से लेकर 3 बजे तक हाईवे जाम रखने की घोषणा की गई थी। बसे रास्ते में न फंस जाएं इस वजह से सुबह से ही ऑपरेशन कुछ धीमी गति से चल रहा था। हालांकि 11:30 के बाद तो बस आपरेशन पूरी तरह से बंद कर दिया गया, लेकिन जो बसें 11 बजे के लगभग भी जालंधर से रवाना हुई थी। वह रास्ते में ही फंस कर रह गई। हाईवे जाम का असर सरकारी समेत निजी बसों के ऊपर भी पड़ा। बसों के बंद हो जाने के चलते हालात कुछ ऐसे बने कि बस स्टैंड परिसर के भीतर बसे खड़ी करने को भी जगह तंग पड़ गई।
बसों के स्टाफ ऐसे किया टाइम पास
बसों के स्टाफ की तरफ से 3 घंटे तक आपरेशन बंद रहने के दौरान अपना टाइम पास करने के लिए बसों की साफ सफाई की गई। उन्हें धोया गया और कई ड्राइवर-कंडक्टर की तरफ से नाई की दुकान पर जाकर अपने बाल और दाढ़ी मूछ भी बनवाए गए। तीन घंटे के हाईवे जाम का असर बस स्टैंड के भीतर दुकानदारी के ऊपर भी पड़ा। बेहद कम संख्या में ही यात्री बस स्टैंड पहुंचे थे और उनमें से कुछ लोगों ने ही पानी, कोल्ड ड्रिंक, चाय, बिस्किट, चिप्स आदि खरीदे। बसों के भीतर टॉफियां और जंत्री बेचने वाले भी यात्री न होने की वजह से मायूस नजर आए। सुबह 11 बजे तक भी 50 फीसद के लगभग ही बस ऑपरेशन चल पाया और 11:30 बजे के बाद तो कोई भी बस बस स्टैंड से बाहर नहीं निकली।

