ड्राइवर को आ गई नींद, हिमाचल की कार ने जालंधर में साइकिल सवार दो दोस्तों को कुचला, एक की मौत
जालंधर । सुबह-सुबह पठानकोट चौक हाईवे से बुरी खबर आई है। यहां सराभा नगर के पास साइकिल पर जा रहे दो दोस्तों को तेज रफ्तार कार ने रौंद डाला है। दोनों को हालत गंभीर हालत में निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। शाम को बंगाली राम नाम के युवक की मौत हो गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। कार का नंबर हिमाचल प्रदेश का है। दूसरे घायल महिंद्र लाल का गंभीर हालत में उपचार जारी है। बंगाली राम और उसका दोस्त सराभा नगर में ही रहते थे। थाना डिवीजन नंबर 8 के एएसआई गुरमेल सिंह ने मौके पर पहुंचकर कार चला रहे राजन को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
.jpg)
जालंधर में शुक्रवार सुबह पठानकोट हाईवे पर साइकिल पर जा रहे दो दोस्त तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गए। हादसे में एक की बाद में मौत हो गई।
सूत्रों के अनुसार कार राजन नाम का व्यक्ति चला रहा था। वह गांव गारी जिला धर्मशाला (हिमाचल प्रदेश) का रहने वाला है। राजन अपने जीजा ओकार सिंह को इलाज के लिए लुधियाना के एक अस्पताल ले जा रहा था। जैसे ही वह सराभा नगर के पास पहुंचा, उसे नींद आ गई और कार अनियंत्रित होकर साइकिल पर जा रहे दोनों दोस्तों से जा टकराई। टक्कर लगने से उनकी साइकिल कार में फंस गई। कार दोनों को काफी दूर तक घसीटती चली गई। बाद में निजी अस्पताल में बंगाली राम की मौत हो गई जबकि उसके दोस्त का गंभीर हालत में उपचार किया जा रहा है।

