वैक्‍सीन डिप्‍लोमेसी का कमाल, श्रीलंका ने भी दी कोविशील्ड को मंजूरी, राष्‍ट्रपति राजपक्षे बोले- भारत से जल्द मिलेगा टीका

कोलंबो । श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे ने शनिवार को बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि उन्‍हें अगले हफ्ते नि:शुल्‍क कोविड-19 वैक्‍सीन की खेप भारत से मिलेगी। समाचार एजेंसी पीटीआइ के मुता‍बिक अभी एक दिन पहले ही श्रीलंका ने ऑक्सफोर्ड एस्ट्राजेनका के टीके कोविशील्ड के आपात इस्तेमाल को मंजूरी दी है। राजपक्षे ने कहा कि हमें भारत से वैक्‍सीन की खेप के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। उनका कहना है कि वह रूस और चीन से भी कोविड-19 वैक्‍सीन की खरीद करेंगे।

उल्‍लेखनीय है कि भारत की वैक्सीन डिप्लोमेसी ने और रफ्तार पकड़ ली है। भारत पड़ोस प्रथम की नीति के तहत मित्र राष्‍ट्रों को कोविड वैक्‍सीन उपलब्‍ध करा रहा है। अभी तक भूटान, मालदीव, नेपाल, बांग्लादेश, म्यांमार ब्राजील और सेशेल्स को वैक्सीन की पहली खेप भेजी गई है। पाकिस्‍तान, श्रीलंका और अफगानिस्‍तान को अभी तक वैक्‍सीन की आपूर्ति नहीं की गई थी। शुक्रवार को विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता (MEA Spokesperson) अनुराग श्रीवास्‍तव (Anurag Srivastava) ने कहा था कि पाकिस्‍तान से इस बारे में कोई गुजारिश नहीं आई है।

श्रीवास्‍तव (Anurag Srivastava) ने कहा था कि श्रीलंका और अफगानिस्‍तान को वैक्‍सीन की आपूर्ति तब की जाएगी जब दोनों देशों के दवा नियामक भारत में बने टीकों के इस्‍तेमाल की मंजूरी देंगे। इसके बाद श्रीलंका की नियामक एजेंसी की ओर से भी कोविशील्ड के इमरजेंसी इस्तेमाल को मंजूरी दे दी गई। इसके बाद श्रीलंका में भारत के उच्चायोग ने ट्वीट कर कोविशील्ड को मंजूरी मिलने का स्वागत करते हुए कहा था कि अब श्रीलंका को वैक्सीन की सप्लाई का रास्ता साफ हो गया है।

गौरतलब है कि कोरोना संकट के बीच भारत ने देश में कोविशील्ड और कोवैक्सीन का व्यापक पैमाने पर उत्पादन शुरू कर पूरे विश्व में आत्मनिर्भरता सिद्ध की है। भारत के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा था कि भारत वैक्सीन उत्पादन का वैश्विक केंद्र बनकर उभरा है। कई देशों ने यहां से कोविड वैक्सीन खरीदने की इच्छा जताई है। सऊदी अरब, साउथ अफ्रीका, ब्राजील और मोरक्को जैसे देशों से भी वैक्सीन के व्यापारिक समझौते हुए हैं।

30 Views