BIG NEWS जालन्धर : फैक्ट्री में जहरीली गैस से दो भाइयों की जान गई, तीसरे की हालत गंभीर
जालन्धर-मनवीर सिह वालिया, नवदीप विरदी
जालन्धर के देहाती क्षेत्र से एक बेहद दुख्द खबर मिली है। आज जालन्धर जिले के गांव मुंडी चौहलियां में एक मेंथा फैक्ट्री में जहरीली गैस चढऩे से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। मरने वाले दोनो व्यक्ति आपस में सगे भाई थे। गैस चढऩे से गंभीर हालत में एक कर्मचारी को जालन्धर के अस्पताल के लिए रेफर भेजा गया है। हादसे के बाद लोहियां पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उक्त फैक्ट्री का जायजा लिया। फैक्ट्री मालिक से भी गहराई पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार जालन्धर जिले के लोहियां क्षेत्र के गांव मुंडी चौहलियां में किसान मेंथा प्लांट के नाम से एक लघु फैक्ट्री चल रही है। इसमें पुदीने का तेल निकाला जाता है। इसे आगे पुदीन हरा या पिपरमेंट आदि बनाने के लिए भेजा जाता है। शुक्रवार सुबह गांव के ही सगे भाई पाल सिंह और फुम्मन सिंह काम करने के लिए पहुंचे। मिली जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में जमीन पर 15-20 फीट नीचे टैंकी को साफ करने के लिए पाल सिंह नामक एक व्यक्ति टैंकी में नीचे उतरा था। टैंकी काफी समय से बंद होने के कारण उनके अंदर गैस भरी हुई थी। नीचे जाते ही पाल सिंह की जहरीली गैस के असर से बेहोश हो गया तभी उसका भाई फुम्मन सिंह, साथी कर्मचारी काला सिंह के साथ उसे बचाने के लिए ड्रम के अंदर गया, लेकिन उनको भी गैस चढ़ गई और उनकी हालत बिगड़ गई। तीनों को तुरन्त बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल ले जाया जा रहा था कि पाल और फुम्मन सिंह की रास्ते में ही मौत हो गई। जबकि काला सिंह को जालन्धर भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

