BIG NEWS : कैप्टन अमरिंदर सिंह ने लिया जबरदस्त एक्शन
चंडीगढ़ : प्राईम पंजाब
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने जहरीली शराब पीने के कारण हुए बड़े हादसे के मामले को लेकर आज 7 आबकारी एवं कर अधिकारी और इंस्पेक्टर और पंजाब पुलिस के दो डी.एस.पीज. और चार एस.एच.ओज. को निलंबित करके इनके खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। इस घटना में तीन जिलों तरनतारन, अमृतसर ग्रामीण और गुरदासपुर में अब तक 82 व्यक्तियों की जान चली गई। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपए की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। इनमें बहुत से तरनतारन से सम्बन्धित हैं जहाँ 63 मौतें हुई हैं जबकि अमृतसर ग्रामीण में 12 और गुरदासपुर (बटाला) में 11 मौतें हुई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले में किसी भी सरकारी कर्मचारी या अन्य की मिलीभगत के सामने आने पर सख्त कार्यवाही की जायेगी।

उन्होंने नकली शराब बनाने और बेचने को रोकने में पुलिस और आबकारी विभाग की नाकामी को शर्मनाक करार दिया। उन्होंने कहा कि किसी को भी हमारे लोगों को जहर पिलाने की हरगिज इजाजत नहीं दी जायेगी। इस मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने का संकल्प करते हुए मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि जो भी नकली शराब बेचने के धंधे में शामिल है, वह इसको तुरंत बंद कर दे या फिर गंभीर नतीजे भुगतने के लिए तैयार रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पुलिस को दोषियों की खोज करने और इस केस में शामिल सभी व्यक्तियों पर आरोप तय करने के आदेश दिए हैं। इस केस में उन्होंने बीते दिन ही डिवीजन कमिश्नर को मैजिस्ट्रियल जांच करने के आदेश दिए हैं जिनको एक महीने में अपनी रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि ऐसी गैर-कानूनी कार्यवाहियों को बिलकुल सहन नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि हर पंजाबी की जिंदगी कीमती है और कुछ लोगों की पैसे की भूख मिटाने के लिए वह लोगों को मौत के मुँह में नहीं जाने देंगे।

